रेलवे दोहरीकरण से प्रतापगढ़ के गांव का रास्ता बंद, लोग ट्रैक पर जान जोखिम में डाल रहे
रेलवे लाइन के दोहरीकरण के चलते प्रतापगढ़ जिले की नगर पंचायत सुवंशा के वार्ड नंबर 15 शिवगढ़ा में रहने वाले ग्रामीणों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
रेलवे लाइन के दोहरीकरण के चलते प्रतापगढ़ जिले की नगर पंचायत सुवंशा के वार्ड नंबर 15 शिवगढ़ा में रहने वाले ग्रामीणों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पुराना आवागमन मार्ग पूरी तरह बंद हो जाने से अब लोग जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक के किनारे बिछी गिट्टियों से होकर गुजरने को मजबूर हैं।
रेलवे लाइन के पार रहने वाली बड़ी आबादी को आने-जाने के लिए अब कोई सुरक्षित रास्ता नहीं बचा है। हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, पहले रेलवे लाइन के किनारे से एक कच्चा रास्ता था जिसका इस्तेमाल आवागमन के लिए होता था। लेकिन रेलवे लाइन के दोहरीकरण के दौरान यह रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया।
बारिश ने हालात को और भी खराब कर दिया है। रास्ते के किनारे बने गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे सामान्य रास्ते से आवागमन और भी मुश्किल हो गया है। मजबूरी में ग्रामीण अब रेलवे की गिट्टियों के ऊपर बाइक लेकर आने-जाने को मजबूर हैं। इस रास्ते से मरीजों के साथ-साथ छात्र भी रोजाना आवागमन करते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे ट्रैक के आसपास इस तरह आवागमन करना कभी भी किसी गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। समस्या को लेकर ग्रामीणों ने नगर पंचायत सुवंशा के अधिशाषी अधिकारी से संपर्क किया। बताया गया कि ईओ ने ग्रामीणों से रेलवे विभाग से अनुमति दिलाने की बात कही है।
अनुमति मिलने पर नगर पंचायत की ओर से रेलवे किनारे बने गड्ढों में मिट्टी डलवाकर रास्ते को कुछ हद तक सुगम कराया जा सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि फिलहाल सिर्फ गड्ढों को मिट्टी से भरवा दिया जाए तो आवागमन में काफी राहत मिल सकती है और लोगों को रेलवे की गिट्टियों पर बाइक चलाने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा।
ग्रामीणों का सवाल है कि रेलवे विभाग से अनुमति लेने की प्रक्रिया आखिर कौन पूरी करेगा। इस मामले को आगे बढ़ाने के लिए ग्रामीणों ने सामूहिक पहल की है। सुबह करीब 8:30 बजे ग्राम सभा के पूर्व बीडीसी सदस्य दिनेश मिश्र, कृपा शंकर तिवारी, सुभाष चंद्र, श्याम लाल गौतम एडवोकेट, शिव प्रसाद मौर्य, फूल चंद बिंद, हौसला प्रसाद पांडे, प्रमोद रावत सभासद, प्रेम चंद और रमेश चंद्र मिश्र समेत कई ग्रामीणों ने नगर पंचायत सुवंशा के अधिशाषी अधिकारी और जिलाधिकारी प्रतापगढ़ का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराया।
ग्रामीणों ने जल्द से जल्द वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था कराने और गड्ढों को भरवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ असुविधा का मामला नहीं है बल्कि जान-माल के खतरे का सवाल है।
सबसे ज़्यादा पढ़ी गई
- 1
लालगंज के एसजेएस स्कूल में धूमधाम से मनाई गई दीपावली
- 2
नगर इलाके में प्रतिबंधित हथगोला लहसुन फटा, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
- 3
श्रावस्ती में पुलिस-एसटीएफ ने नकली नोट छापते तीन आरोपी पकड़े, 1.74 लाख बरामद
- 4
बहराइच में धनतेरस-दीपावली से पहले एसपी ने बाजारों में पैदल गश्त की
- 5
नाहिद हसन के बयान पर शामली में हिंदू रक्षा दल का प्रदर्शन
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी करें।