इंदौर में फर्जी IAS अधिकारी बनकर लोगों पर रौब जमाने वाला युवक गिरफ्तार
इंदौर में फर्जी IAS अधिकारी बनकर रौब जमाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपने मकान पर "IAS RAJ SONI, District Collector" की नकली नेम प्लेट लगाकर खुद को जिला कलेक्टर बताता था।
इंदौर में फर्जी IAS अधिकारी बनकर रौब जमाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपने मकान पर "IAS RAJ SONI, District Collector" की नकली नेम प्लेट लगाकर खुद को जिला कलेक्टर बताता था।
पुलिस थाना लसुड़िया इंदौर ने स्वयं को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से फर्जी IAS/कलेक्टर नेम प्लेट और दूसरी भ्रामक चीजें भी बरामद की हैं। आरोपी खुद को वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बताकर लोगों पर रौब जमाता था।
आरोपी के खिलाफ गुजरात के थाना अडालज, जिला गांधीनगर में भी पहले से केस दर्ज होना पाया गया है।
शहर में लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ असरदार कार्रवाई के निर्देश पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह ने दिए हैं। इन निर्देशों के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री मयंक अवस्थी और पुलिस उपायुक्त जोन-2 श्री अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-2 श्री अमरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में, एसीपी श्री पराग सैनी और थाना प्रभारी लसुड़िया निरीक्षक श्री राजकुमार यादव के नेतृत्व में थाना लसुड़िया पुलिस ने फर्जी IAS अधिकारी बनकर लोगों पर प्रभाव जमाने वाले आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है।
दिनांक 02 सितम्बर 2026 को थाना लसुड़िया पुलिस को सूचना मिली कि ओमेक्स सिटी-1 स्थित मकान क्रमांक 1565-ए, शुभ आंगन प्रीमियम में रहने वाला एक शख्स खुद को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताता है और अधिकारी होने का प्रभाव दिखाकर आसपास के लोगों पर रौब जमाता है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पूछताछ में मकान के ऊपरी हिस्से में रहने वाला युवक खुद को "राज सोनी" और जिला कलेक्टर बताने लगा। पुलिस ने उससे IAS अधिकारी होने, पदस्थापना और जुड़े दस्तावेज पेश करने को कहा, लेकिन वह कोई संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं कर सका और लगातार अपने बयान बदलता रहा।
पुलिस की पूछताछ में उसने अपना असली नाम हिमांशु पांचाल उम्र 28 वर्ष, निवासी सी-18, जनकपुर सोसायटी, केशवनगर, सुभाष ब्रिज, थाना साबरमती, अहमदाबाद, गुजरात बताया। वह फिलहाल ओमेक्स सिटी-1, इंदौर में किराये पर रह रहा है।
पूछताछ में आरोपी ने माना कि वह कोई IAS अधिकारी नहीं है। समाज में अपना रुतबा, प्रतिष्ठा और प्रभाव बढ़ाने के मकसद से वह खुद को वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जिला कलेक्टर बताता था।
पुलिस टीम ने आरोपी के मकान से "IAS RAJ SONI: District Collector" लिखी काले रंग की फर्जी नेम प्लेट, "IAS सत्यमेव जयते" अंकित फोटो फ्रेम, "सत्यमेव जयते, कलेक्टर साहब" लिखी सामग्री और खुद को प्रशासनिक अधिकारी दिखाने में इस्तेमाल की जा रही दूसरी भ्रामक चीजें जब्त कीं।
आरोपी की गतिविधियों और मौके से मिली चीजों के आधार पर थाना लसुड़िया पुलिस ने अपराध क्रमांक 1370/2026, धारा 204 भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। केस में विस्तृत पूछताछ और विवेचना जारी है।
आरोपी के पुराने रिकॉर्ड की जांच में थाना अडालज, जिला गांधीनगर, गुजरात में FIR क्रमांक 441/2026, दिनांक 23 मई 2026, धारा 316(5) और 318(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज होना पाया गया है। इस के बारे में भी पुलिस विस्तृत जानकारी हासिल कर रही है।
सबसे ज़्यादा पढ़ी गई
- 1
लालगंज के एसजेएस स्कूल में धूमधाम से मनाई गई दीपावली
- 2
नगर इलाके में प्रतिबंधित हथगोला लहसुन फटा, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
- 3
श्रावस्ती में पुलिस-एसटीएफ ने नकली नोट छापते तीन आरोपी पकड़े, 1.74 लाख बरामद
- 4
बहराइच में धनतेरस-दीपावली से पहले एसपी ने बाजारों में पैदल गश्त की
- 5
नाहिद हसन के बयान पर शामली में हिंदू रक्षा दल का प्रदर्शन
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी करें।