हरिद्वार में सोमवती अमावस्या स्नान की तैयारियां तेज, 12 जोन-40 सेक्टर
सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के लिए हरिद्वार प्रशासन ने तैयारियां तेज कीं हरिद्वाज जिला प्रशासन ने आगामी 09 नवंबर 2026 को होने वाले सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के लिए हरिद्वार प्रशासन ने तैयारियां तेज कीं
हरिद्वाज जिला प्रशासन ने आगामी 09 नवंबर 2026 को होने वाले सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर फोकस किया है। पूरे मेला क्षेत्र को 12 जोन और 40 सेक्टरों में बांटा गया है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और आरक्षित मजिस्ट्रेटों की तैनाती के आदेश जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी 08 नवंबर 2026 को शाम 04 बजे से शुरू होगी और स्नान पर्व की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।
प्रशासन के मुताबिक, सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के दौरान देश और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से लाखों श्रद्धालुओं के गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आने की संभावना है। इसी वजह से मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटकर अधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गई हैं।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर जोर
जिलाधिकारी के आदेश में कहा गया है कि स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु रखना जरूरी है। इसके लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख स्नान घाटों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
आदेश में मौजूदा परिस्थितियों का भी जिक्र किया गया है। कुछ राज्यों में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता लागू है। इसके अलावा असामाजिक तत्वों, माओवादी गतिविधियों और आतंकवादी घटनाओं की आशंकाओं को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत बताई गई है।
आदेश में पूर्व में हरिद्वार रेलवे स्टेशन और धार्मिक स्थलों पर विस्फोटक सामग्री मिलने की घटनाओं का भी उल्लेख किया गया है। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए पूरे जनपद में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
स्नान पर्व के दौरान प्रशासन की ओर से 24 घंटे सक्रिय रहने वाला कंट्रोल रूम भी रखा गया है। सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
12 जोन में अधिकारियों की तैनाती
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार हरकी पैड़ी जोन की जिम्मेदारी नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार हर गिरी को दी गई है। मालवीय दीप जोन में उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
सुभाष घाट जोन में डिप्टी कलेक्टर एवं विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी आकाश जोशी को तैनात किया गया है। मनसा देवी जोन की जिम्मेदारी उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा को सौंपी गई है।
अपर रोड जोन में उप नगर आयुक्त, नगर निगम हरिद्वार दीपक गोस्वामी को जोनल मजिस्ट्रेट नामित किया गया है। ऋषिकुल मैदान जोन में संयुक्त आयुक्त राज्य कर नीरज कुमार को यह जिम्मेदारी दी गई है।
खड़खड़ी-सप्तऋषि जोन में अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार तैनात रहेंगे। रोड़ी बेलवाला जोन की जिम्मेदारी कृषि भूमि संरक्षण अधिकारी राम कुमार दोहरे को दी गई है।
रोड़ी बेलवाला पार्किंग एवं मैदान जोन में जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। शंकराचार्य चौक जोन में अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सिडकुल जोन में जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल और चंडी देवी जोन में जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. विकास ठाकुर को जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी दी गई है।
हरकी पैड़ी और मालवीय दीप जोन में शामिल क्षेत्र
हरकी पैड़ी जोन के तहत हरकी पैड़ी, महिला घाट, चौकी हरकी पैड़ी से महिला घाट की सीढ़ियों तक का क्षेत्र, संजय पुल और भारत स्काउट एंड गाइड हरकी पैड़ी क्षेत्र शामिल हैं।
मालवीय दीप जोन में मालवीय दीप, कांगड़ा पुल और शिव पुल क्षेत्र को रखा गया है। इन क्षेत्रों में तैनात अधिकारी स्नान पर्व के दौरान अपने-अपने जोन में प्रशासन की ओर से दी गई जिम्मेदारियों के मुताबिक व्यवस्था संभालेंगे।
सबसे ज़्यादा पढ़ी गई
- 1
लालगंज के एसजेएस स्कूल में धूमधाम से मनाई गई दीपावली
- 2
नगर इलाके में प्रतिबंधित हथगोला लहसुन फटा, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
- 3
श्रावस्ती में पुलिस-एसटीएफ ने नकली नोट छापते तीन आरोपी पकड़े, 1.74 लाख बरामद
- 4
बहराइच में धनतेरस-दीपावली से पहले एसपी ने बाजारों में पैदल गश्त की
- 5
नाहिद हसन के बयान पर शामली में हिंदू रक्षा दल का प्रदर्शन
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी करें।