बहराइच में स्कूल बसों की सुरक्षा के लिए जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
बहराइच के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रवैया अपनाते हुए संबंधित विभागों को कई अहम निर्देश दिए हैं।
बहराइच के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रवैया अपनाते हुए संबंधित विभागों को कई अहम निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति और विद्यालय यान समिति की विशेष बैठक लेते हुए दोनों अधिकारियों ने जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को साफ निर्देश दिया कि शहर में यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले अवरोधक होर्डिंग तत्काल हटाए जाएं। उन्होंने कहा कि सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी और संबंधित अधिकारी संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करें। जहां भी अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा हो, वहां प्रभावी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जाए।
स्कूल बसों की सुरक्षा को लेकर भी कई सख्त निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि बिना फिटनेस के कोई भी वाहन संचारित न होने पाए। स्कूल बस पर हेल्पलाइन नंबर और मोबाइल नंबर का अंकन किया जाए। सभी विद्यालयों में समयबद्ध बैठक आयोजित की जाए। प्रत्येक बस में ड्राइवर के अलावा एक महिला या पुरुष परिचारक की व्यवस्था की जाए। बिना परिचारक के स्कूल बस संचारित न होने पाए।
बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से जिलाधिकारी ने खास हिदायत दी कि ड्राइवर और परिचारक यदि स्कूल से बाहर के हैं तो तत्काल पुलिस वेरिफिकेशन के बाद ही उन्हें वाहन पर रखा जाए। कोई भी ड्राइवर या कंडक्टर मदिरा का सेवन न करें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। समय-समय पर इसकी आकस्मिक रूप से जांच भी की जाए। टोल प्लाजा के पास स्वास्थ्य परीक्षण कैम्प आयोजित कर सभी वाहन चालकों का शुगर, बीपी और नेत्र परीक्षण अवश्य कराया जाने पर जिलाधिकारी ने विशेष बल दिया।
सड़कों की हालत सुधारने को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग, कस्बों अथवा ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर कहीं भी गड्ढे दिखाई दें तो उन्हें तत्काल भरवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सड़क की खराब स्थिति के कारण आम लोगों को परेशानी अथवा दुर्घटना का सामना न करना पड़े, इसके लिए संबंधित विभाग लगातार निगरानी रखें। उन्होंने साफ कहा कि इस काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों के माध्यम से यातायात नियमों के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ रैलियां आयोजित कर छात्र-छात्राओं और आम लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि यातायात नियमों का पालन जन-अभियान का रूप ले सके।
यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, शराब के नशे में वाहन चलाने और रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक वाहन चालक और नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
इस बैठक में नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रदीप कुमार और अमर सिंह, एआरटीओ सुशील कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका प्रमिता सिंह, पुलिस प्रशासन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
सबसे ज़्यादा पढ़ी गई
- 1
लालगंज के एसजेएस स्कूल में धूमधाम से मनाई गई दीपावली
- 2
नगर इलाके में प्रतिबंधित हथगोला लहसुन फटा, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
- 3
श्रावस्ती में पुलिस-एसटीएफ ने नकली नोट छापते तीन आरोपी पकड़े, 1.74 लाख बरामद
- 4
बहराइच में धनतेरस-दीपावली से पहले एसपी ने बाजारों में पैदल गश्त की
- 5
नाहिद हसन के बयान पर शामली में हिंदू रक्षा दल का प्रदर्शन
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी करें।