मुजफ्फरनगर में ब्रांडेड बोतलों में सस्ती शराब भरने का आरोप, सात गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर में ब्रांडेड अंग्रेजी शराब की खाली बोतलों में सस्ती शराब भरकर उसे महंगे दामों पर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।
मुजफ्फरनगर में ब्रांडेड अंग्रेजी शराब की खाली बोतलों में सस्ती शराब भरकर उसे महंगे दामों पर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शराब की 210 भरी बोतलें, 99 खाली बोतलें, 398 ढक्कन, नकली रैपर, पैकिंग सामग्री, पांच मोबाइल फोन और शराब की सप्लाई में इस्तेमाल होने वाली तीन कारें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 25 अक्टूबर को रामपुर तिराहे के पास रेलवे लाइन पुल के नीचे कार्रवाई की गई। कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने वहां से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कबाड़ियों से जेमिसन, ब्लैक लेबल और रेड लेबल जैसे ब्रांड की खाली बोतलें खरीदते थे। इन बोतलों में सस्ती शराब भरी जाती थी। इसके बाद हीट ड्रायर की मदद से उन पर ढक्कन लगाए जाते थे। आरोपी नकली रैपर चिपकाकर बोतलों को ब्रांडेड कंपनियों के कार्टून में पैक करते थे।
पुलिस का कहना है कि तैयार की गई इन बोतलों को असली ब्रांड की शराब बताकर ऊंचे दामों पर बेचा जाता था। इनकी सप्लाई विभिन्न जनपदों में की जाती थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी इस अवैध कारोबार से मोटा मुनाफा कमाते थे। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान पहुंचता था।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से शराब की 210 भरी और 99 खाली बोतलें बरामद कीं। इसके अलावा 398 ढक्कन और चार रैपर भी मिले। टीम ने हीट ड्रायर, कार्टून पैकिंग मशीन, सिरिंज, टेप, क्लिप लगाने के उपकरण और अन्य पैकिंग सामग्री भी बरामद की है।
शराब की सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही तीन कारें भी जब्त की गई हैं। इनमें एक वैगनआर, एक स्विफ्ट डिजायर और एक नेक्सॉन कार शामिल है। पुलिस ने पांच मोबाइल फोन भी आरोपियों के कब्जे से बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित और राकेश निवासी समालखा, पानीपत (हरियाणा), मेहताब निवासी दौराला, मेरठ, धीरज निवासी शामली, रामप्रकाश निवासी सुल्तानपुर एवं वर्तमान में चंडीगढ़ निवासी, हरदीप सिंह निवासी शामली और कुलदीप निवासी तितावी, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली नगर में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63/72 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, शराब की आपूर्ति के स्रोतों और खरीदारों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में विभिन्न जनपदों में पहले भी इस तरह शराब सप्लाई करने की बात बताई है। यह कार्रवाई एसपी सिटी अमृत जैन, एएसपी/सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा और कोतवाली नगर प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस व एसओजी टीम ने की।
रिपोर्ट अनमोल कुमार, मुज़फ्फरनगर।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
मुजफ्फरनगर में पुलिस ने किस मामले का पर्दाफाश किया?
पुलिस ने ब्रांडेड शराब की खाली बोतलों में सस्ती शराब भरकर महंगे दामों पर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया।
इस मामले में कितने आरोपी गिरफ्तार हुए?
कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के पास से क्या बरामद हुआ?
पुलिस ने 210 भरी और 99 खाली बोतलें, 398 ढक्कन, नकली रैपर, पैकिंग सामग्री, पांच मोबाइल फोन और तीन कारें बरामद कीं।
आरोपी नकली शराब की बोतलें कैसे तैयार करते थे?
आरोपी जेमिसन, ब्लैक लेबल और रेड लेबल जैसी ब्रांड की खाली बोतलों में सस्ती शराब भरते थे। फिर हीट ड्रायर से ढक्कन लगाकर नकली रैपर चिपकाते और ब्रांडेड कार्टून में पैक करते थे।
आरोपियों के खिलाफ कौन सी कार्रवाई की गई?
पुलिस ने कोतवाली नगर में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63/72 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
सबसे ज़्यादा पढ़ी गई
- 1
शामली में परिवार पर जानलेवा हमले का आरोप, दो महिलाएं गंभीर
- 2
54वें विशाल कुश्ती दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम, काजल बनीं महिला केसरी और …
- 3
श्रावस्ती में बड़ा फेरबदल, कई अफसरों के बदले प्रभार
- 4
हाथरस के ऐहन गांव में ठाकुर जी मेले पर सजा कुश्ती दंगल
- 5
महाभारत काल से जुड़ा माना जाता है शहडोल का शमी वृक्ष
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी करें।