देश के मैदानी इलाकों में तपती गर्मी से बचने के लिए लोग बड़ी संख्या में हिमाचल प्रदेश के ठंडे और सुहावने मौसम का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। शिमला, मनाली, कुफरी, कसौली और नारकंडा जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर इन दिनों पर्यटकों की भारी भीड़ देखी जा रही है।
शिमला, जिसे 'क्वीन ऑफ हिल्स' कहा जाता है, पर्यटकों की पहली पसंद बनी हुई है। यहां का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो मैदानी इलाकों के 40-50 डिग्री तापमान के मुकाबले काफी राहतभरा है। शिमला और मनाली के होटलों में इस समय 70% तक बुकिंग हो चुकी है।
वीकेंड पर यह आंकड़ा 90% तक पहुंचने की संभावना है। शहरी और ग्रामीण इलाकों के होमस्टे भी पूरी तरह से भरे हुए हैं। शिमला के चियोग क्षेत्र के होमस्टे संचालक सोहन ठाकुर ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से 70-90% तक ऑक्यूपेंसी बनी हुई है।
वहीं, शिमला के होटल व्यवसायी अश्विनी सूद ने कहा कि बुधवार तक होटल की बुकिंग 55-60% तक पहुंच गई थी और वीकेंड पर यह 90% तक जा सकती है। मनाली में भी पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
मनाली होटल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने बताया कि बुधवार तक 70% से अधिक बुकिंग हो चुकी थी। वीकेंड पर और अधिक पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है। शिमला के मॉल रोड, रिज मैदान, जाखू और कुफरी जैसे स्थानों पर पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है।
वहीं, मनाली में मॉल रोड, हिडिम्बा मंदिर, सोलंग वैली, अटल टनल और रोहतांग पास जैसे स्थानों पर भी पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। हाल ही में हुई बारिश ने इन हिल स्टेशनों के मौसम को और भी सुहावना बना दिया है, जिससे पर्यटकों का अनुभव और बेहतर हो रहा है।
NewsDarpan
पूरी खबर पढ़ें