देश के कई राज्यों में प्री-मॉनसून एक्टिव हो गया है। राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत 9 राज्यों में बारिश हो रही है। शनिवार शाम मध्य प्रदेश के भोपाल समेत 4 जिलों में भारी बारिश हुई, जिससे कई जगह पेड़ और बिजली के तार गिर गए।
उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश के दौरान हुए हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई। उन्नाव और गाजीपुर में बिजली गिरने से 2 लोगों की जान गई। कासगंज में आंधी के कारण मकान की छत गिरने से पति-पत्नी और उनकी बेटी की मौत हो गई। राजस्थान में जयपुर समेत कई जिलों में शनिवार को बारिश हुई।
चूरू जिले में आंधी-बारिश के कारण एक मकान की दीवार गिर गई, जिसमें परिवार के 4 सदस्य मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मॉनसून झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में पहुंच चुका है और फिलहाल छत्तीसगढ़ की सीमा पर है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिनों में यह मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में दस्तक दे सकता है। 4 जून को केरल में पहुंचने के बाद मॉनसून 9 दिनों में 19 राज्यों तक पहुंच चुका है। देश के 8 राज्यों में गर्मी का असर भी जारी है।
राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई शहरों में शुक्रवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। महाराष्ट्र के यवतमाल में सबसे ज्यादा तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 42 डिग्री, गुजरात के भावनगर में 41.9 डिग्री और राजस्थान के जैसलमेर में 40.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से 19 जून तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में बारिश जारी रहेगी।
राजस्थान में प्री-मॉनसून एक्टिविटी तेज हो गई है। शनिवार को आंधी-बारिश और ओले गिरने से गर्मी से राहत मिली। कई जिलों में तापमान 6 से 8 डिग्री तक गिर गया। मौसम विभाग ने रविवार को राजस्थान के 9 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
NewsDarpan
पूरी खबर पढ़ें