बिलासपुर को शिमला से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग NH-205 पर खलोटा के पास सड़क धंसने से यातायात बाधित हो गया है। बताया गया है कि फोरलेन निर्माण कार्य के कारण सड़क धंसी है।
इसके चलते इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है और वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जा रहा है। आम जनता की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की है।
नौणी/ब्रह्मपुखर फोरलेन से शिमला की ओर जाने वाले वाहनों को जब्बलपुल, खारसी मार्ग से डायवर्ट किया जा रहा है। वहीं, शिमला/दाड़लाघाट की ओर से आने वाले वाहनों को दाड़लामोड़, मलोखर, खारसी मार्ग से डायवर्ट किया जा रहा है।
पुलिस प्रशासन की ओर से वाहन चालकों को इन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने को कहा गया है, ताकि यातायात व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिल सके। सभी वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
पुलिस ने वाहन चालकों से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने को भी कहा है। साथ ही, पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है। इस बारे में जानकारी पुलिस अधीक्षक बिलासपुर ने दी है।
उन्होंने आम जनता की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्गों से यातायात डायवर्ट किए जाने की जानकारी दी।
News Darpan
पूरी खबर पढ़ें