मानसून ने 6 दिन में 16 राज्यों को कवर कर लिया है। मंगलवार को मानसून पश्चिम बंगाल में पहुंचा और फिलहाल मुंबई से 150 किमी दूर है। अगले 48 घंटे में मुंबई में मानसून दस्तक दे सकता है। अगले सप्ताह तक यह गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और ओडिशा तक पहुंचने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मंगलवार को तेज आंधी से कई पेड़ उखड़ गए और एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। केरल और कर्नाटक में पिछले 4 दिनों से भारी बारिश हो रही है। बेंगलुरु और बेलगावी में सड़कों पर पानी भर गया और गाड़ियां बहती नजर आईं।
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में गर्मी का असर बना हुआ है। सोमवार को श्रीगंगानगर का तापमान 45.6°C दर्ज किया गया। दिल्ली में भी अधिकतम तापमान 43.4°C रहा। मध्य प्रदेश के जबलपुर और बड़वानी समेत 18 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट है।
वहीं, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में 10 और 11 जून को हीटवेव की चेतावनी दी गई है। बिहार में पटना समेत 8 जिलों का तापमान 41°C से ऊपर रहा। रोहतास में सबसे अधिक 43.4°C तापमान दर्ज किया गया। आज चंपारण और शिवहर समेत 24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है।
उत्तराखंड में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत में आंधी-बारिश की संभावना है। सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 37°C दर्ज किया गया।
NewsDarpan
पूरी खबर पढ़ें