16 राज्यों में पहुंचा मानसून, मुंबई में अगले 48 घंटे में दस्तक की संभावना

मानसून ने 6 दिन में 16 राज्यों को कवर कर लिया है। मंगलवार को मानसून पश्चिम बंगाल में पहुंचा और फिलहाल यह मुंबई से 150 किमी दूर है। अगले 48 घंटे में इसके मुंबई में दस्तक देने की संभावना है। अगले सप्ताह तक यह गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और ओडिशा तक पहुंच सकता है।

मानसूनी हवाओं के कारण कई मैदानी इलाकों में गर्मी कम हुई है। उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मंगलवार को तेज आंधी से कई पेड़ उखड़ गए। केरल और कर्नाटक में पिछले 4 दिनों से भारी बारिश हो रही है। बेंगलुरु और बेलगावी में बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया और कुछ गाड़ियां बहती नजर आईं।

राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में गर्मी का असर बना हुआ है। सोमवार को श्रीगंगानगर का तापमान 45.6°C दर्ज किया गया। दिल्ली में भी अधिकतम तापमान 43.4°C रहा। मध्य प्रदेश के जबलपुर और बड़वानी समेत 18 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है।

वहीं, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में 10 और 11 जून को हीटवेव की चेतावनी दी गई है। उत्तर प्रदेश के लखनऊ और उन्नाव में सोमवार रात तेज आंधी और बारिश हुई। उन्नाव में पेड़ गिरने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। राज्य के 16 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी है।

राजस्थान के श्रीगंगानगर में सोमवार को देश का सबसे अधिक तापमान 45.6°C दर्ज किया गया। जैसलमेर और बीकानेर में भी तापमान 44°C से 46°C के बीच रहा। आज अलवर, भरतपुर और दौसा समेत 7 जिलों में आंधी-बारिश और जैसलमेर-जोधपुर समेत 5 जिलों में हीटवेव का अलर्ट है।

बिहार में पटना समेत 8 जिलों का तापमान 41°C से अधिक रहा। रोहतास में सबसे अधिक 43.4°C तापमान दर्ज किया गया। आज चंपारण और शिवहर समेत 24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है।

उत्तराखंड में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत में आंधी-बारिश की संभावना है। सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 37°C दर्ज किया गया।

NewsDarpan

पूरी खबर पढ़ें

पूरी खबर पढ़ें