'मां को बचाने के लिए कूदा': न्यूयॉर्क सेंट्रल पार्क में घोड़ा गाड़ी से गिरकर भारतीय युवक की मौत न्यूयॉर्क: न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में 18 साल के भारतीय युवक रोमांच महाजन की घोड़ा गाड़ी से गिरने के बाद मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब रोमांच अपनी मां को बचाने की कोशिश कर रहा था।
घटना उस वक्त हुई जब महाजन परिवार सेंट्रल पार्क में घोड़ा गाड़ी की सवारी कर रहा था। अचानक घोड़ा बेकाबू हो गया, जिससे एक बड़ा हादसा हो गया। पुलिस के मुताबिक, परिवार सेंट्रल पार्क के चेरी हिल इलाके में फोटो खिंचवाने के लिए रुका था।
गाड़ी का ड्राइवर फोटो लेने के लिए घोड़े से दूर चला गया, तभी घोड़ा अचानक भागने लगा। घोड़ा दूसरी गाड़ी से टकरा गया और गाड़ी पलट गई। रोमांच के पिता दीपक महाजन ने बताया कि उनकी पत्नी गाड़ी पलटने से गिर गईं।
उन्हें बचाने के लिए रोमांच ने छलांग लगाई, लेकिन इस दौरान उसे सिर में गंभीर चोट लग गई। उसे तुरंत न्यूयॉर्क-प्रेस्बिटेरियन वील कॉर्नेल मेडिकल सेंटर ले जाया गया, लेकिन शाम को डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार के बाकी सदस्यों को मामूली चोटें आईं।
महाजन परिवार भारत से न्यूयॉर्क घूमने आया था। वे रोमांच के हाई स्कूल ग्रेजुएशन और मणिपाल यूनिवर्सिटी जयपुर में एडमिशन का जश्न मना रहे थे। हादसे से पहले वे स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी और ब्रुकलिन ब्रिज जैसे मशहूर जगहों की सैर कर रहे थे।
चश्मदीदों ने बताया कि घोड़ा बेकाबू होकर दूसरी गाड़ी से टकरा गया और गाड़ी टूट गई। ड्राइवर के घोड़े को बिना निगरानी के छोड़ने पर काफी आलोचना हो रही है।
ट्रांसपोर्ट वर्कर्स यूनियन लोकल 100 के वाइस प्रेसिडेंट अलेक्जेंडर केम्प ने कहा, "ड्राइवर को कभी भी फोटो खींचने के लिए गाड़ी छोड़नी नहीं चाहिए।" ड्राइवर को फिलहाल सस्पेंड कर दिया गया है और घोड़े, जिसका नाम सैमसन है, को रिटायर कर दिया जाएगा।
NewsDarpan
पूरी खबर पढ़ें