हिमाचल के 6 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 320 नई पीजी सीटें मंजूर

हिमाचल प्रदेश के 6 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 320 नई पोस्ट ग्रेजुएट यानी पीजी मेडिकल सीटों को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार लगभग 415 करोड़ रुपये का अनुदान देगी।

इससे प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी। बिलासपुर में भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी स्वदेश ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि हिमाचल के 6 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में नई पीजी सीटों की मंजूरी प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे उच्च चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। स्वीकृत 320 सीटों में सबसे ज्यादा 91 सीटें आईजीएमसी शिमला को मिली हैं।

मेडिकल कॉलेज हमीरपुर और टांडा को 57-57 सीटें स्वीकृत की गई हैं। नेरचौक मंडी को 55, नाहन को 32 और चंबा को 28 नई पीजी सीटें मिली हैं। इस तरह हिमाचल के 6 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल शिक्षा के लिए सीटों की संख्या बढ़ेगी।

स्वदेश ठाकुर ने कहा कि इस फैसले से प्रदेश के युवाओं को उच्च चिकित्सा शिक्षा हासिल करने के अधिक अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही मरीजों को बेहतर विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने में भी सहायता मिलेगी।

उनका कहना है कि नई पीजी सीटों से प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में मदद मिलेगी। भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल के रहने वाले हैं।

उन्होंने कहा कि नड्डा अपने गृह राज्य को अक्सर कई बड़े तोहफे देकर प्रदेश के प्रति विशेष लगाव का परिचय देते रहे हैं। स्वदेश ठाकुर ने बिलासपुर में एम्स का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में एम्स जगत प्रकाश नड्डा के प्रयासों से बना है।

News Darpan

पूरी खबर पढ़ें

पूरी खबर पढ़ें