वृंदावन में मकान का छज्जा गिरा, 9 घायल, 4 की हालत गंभीर

वृंदावन में मंगलवार शाम बांके बिहारी मंदिर के पास गली नंबर-5 में एक मकान का जर्जर छज्जा अचानक गिर गया। घटना के समय वहां श्रद्धालुओं की भीड़ थी। छज्जा गिरने से 9 लोग घायल हो गए, जिनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह दुर्घटना सुधीर गोस्वामी के मकान में हुई। पड़ोसी शिवकुमार ने बताया कि छज्जे पर पहले से दरार थी और बंदरों के कूदने से यह गिर गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय तेज आंधी चल रही थी, जिससे छज्जा टूटकर नीचे गिर गया। छज्जे का मलबा गली में फैल गया, जिससे श्रद्धालु घायल हुए।

घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी पहुंच गई। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया।

दुर्घटना के बाद बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने आसपास के पुराने और जर्जर भवनों की जांच शुरू कर दी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

यह घटना मंदिर से लगभग 300 मीटर दूर हुई। डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि शाम 6 से 6:15 बजे के बीच कुछ श्रद्धालु दर्शन करके लौट रहे थे। उसी समय मकान का छज्जा गिरा। इसमें 7 लोग घायल हुए हैं और सभी खतरे से बाहर हैं। मंदिर में कोई दुर्घटना नहीं हुई है।

प्रशासन ने नगर निगम को पूरी जांच करने का निर्देश दिया है।

NewsDarpan

पूरी खबर पढ़ें

पूरी खबर पढ़ें