प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात और दमन के दौरे पर हैं। उन्होंने सूरत में ₹12,421 करोड़ की लागत से तैयार नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया। इनमें वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के दो पैकेज और चार अन्य हाईवे शामिल हैं। इन प्रोजेक्ट्स में बड़े और छोटे पुल, रेलवे ओवरब्रिज, फ्लाईओवर और 70 अंडरपास का निर्माण भी शामिल है। इसके अलावा, पीएम मोदी ने ₹4,732 करोड़ की लागत वाली चार नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया।
सूरत में पीएम मोदी ने दोपहर 3:30 बजे इनडोर स्टेडियम में जनसभा को संबोधित किया। विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम के दौरान बैनर नहीं लगाए गए। साथ ही, कार्यकर्ताओं को साइकिल और ई-व्हीकल से आने के लिए प्रोत्साहित किया गया। आम जनता के लिए सूरत नगर निगम ने 450 से अधिक ई-बसों की व्यवस्था की।
इसके बाद पीएम मोदी शाम 5:30 बजे दमन पहुंचे, जहां उन्होंने ₹2,970 करोड़ की लागत से बने नए एयरपोर्ट और रोड व टूरिज्म से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन किया। दमन में स्वामी विवेकानंद मैदान में एक जनसभा का आयोजन भी हुआ।
पीएम मोदी ने वर्चुअल माध्यम से लक्षद्वीप के लिए ₹885 करोड़ की बंदरगाह और पर्यटन परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उनका यह दौरा देश में कनेक्टिविटी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।