अमेरिका के जॉर्जिया में एक दर्दनाक हादसे में भारतीय मूल के पायलट डेव फिजी की शादी के कुछ घंटे बाद ही हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई। उनकी पत्नी जेस्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं और करीब छह घंटे तक मलबे में फंसी रहीं। यह हादसा शुक्रवार को डॉसनविल स्थित ‘द रिवर’ वेडिंग वेन्यू से उनकी विदाई के दौरान हुआ। शादी समारोह में करीब 400 मेहमान शामिल हुए थे। शादी के बाद डेव और जेस्नी ने रॉबिन्सन R66 हेलिकॉप्टर से डीकाल्ब-पीचट्री एयरपोर्ट जाने की योजना बनाई थी, जहां से उन्हें अटलांटा में रात बितानी थी। लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद हेलिकॉप्टर घने जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
डेव के पिता जॉर्ज फिजी ने बताया कि उनके बेटे ने उड़ान से पहले खराब मौसम को लेकर चिंता जताई थी। क्षेत्र में धुंध और बारिश के कारण दृश्यता लगभग शून्य थी। हालांकि, हेलिकॉप्टर पायलट ने आश्वासन दिया था कि वे ऊंचाई पर उड़ान भरेंगे। लेकिन उड़ान के कुछ ही समय बाद हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। राहत टीम को मलबा ढूंढने और बचाव अभियान शुरू करने में काफी समय लगा।
जेस्नी, जो पेशे से नर्स हैं, ने बताया कि जब उन्हें होश आया तो उन्होंने खुद को मलबे के नीचे पाया। उन्होंने देखा कि डेव उनके सीने पर गिरे हुए थे और उनकी मौत हो चुकी थी। जेस्नी को कई जगह चोटें आईं लेकिन कोई हड्डी नहीं टूटी। वह शारीरिक रूप से धीरे-धीरे ठीक हो रही हैं, लेकिन पति को खोने का गम उनके लिए असहनीय है।
इस हादसे की जांच अमेरिका की नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) कर रही है। जांचकर्ता मौसम की स्थिति, उड़ान मार्ग, हेलिकॉप्टर की तकनीकी स्थिति और पायलट के फैसलों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
डेव फिजी डेल्टा एयरलाइंस में फर्स्ट ऑफिसर के तौर पर काम करते थे और बचपन से ही पायलट बनने का सपना देखा था। उनके पिता ने कहा कि उनका परिवार इस दुखद घटना का सामना अपने ईसाई विश्वास के सहारे कर रहा है। उन्होंने कहा, "भगवान ने हमें एक परफेक्ट शादी का दिन दिया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद सब कुछ बदल गया।" Read full story for details.